सशस्त्र सेना झण्डा दिवस निधि में सराहनीय योगदान के लिए महामहिम राज्यपाल ने कलेक्टर श्री अरविन्द दुबे को किया सम्मानित
रायसेन।सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि में रायसेन जिले के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक कुल पांच लाख 90 हजार रू धनराशि एकत्रित कर सराहनीय योगदान के लिए महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल द्वारा कलेक्टर श्री अरविंद दुबे को राजभवन भोपाल में प्रशस्ति पत्र तथा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर श्री अरविंद दुबे ने कहा कि भारतीय सैनिक बहुत ही कठिन परिस्थितियों तथा मुश्किल क्षणों में हर समय देश की सीमा की रक्षा करते हैं एवं भारत की अर्थव्यवस्था तथा भव्यता की रक्षा करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। सैनिक अपनी अमूल्य सेवाओं के द्वारा बाढ़, भूकंप, तूफान तथा प्राकृतिक विपदाओं के समय देश की सहायता करते हैं। हम भी भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए सशस्त्र सेना झण्डा दिवस निधि में उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग देकर सेना की त्याग और सेवा की उत्कृष्ट परम्परा के सहयोगी बनने के लिए गौरव का अनुभव कर सकते हैं।
सशस्त्र सेना झण्डा दिवस निधि में एकत्रित राशि शहीद सैनिकों के आश्रितों एवं दिव्यांग तथा भूतपूर्व सैनिकों के लिए चल रही कल्याणकारी योजनाओं के संचालन में उपयोग होती है। सशस्त्र सेना झण्डा दिवस निधि में दान की गई राशि आयकर अधिनियम-1961 की धारा-297 (2)(क) के अन्तर्गत आयकर से मुक्त है।