इंदौर । विजय नगर थाने की पुलिस ने डेढ़ साल पूर्व जिन कंजरों के थाना परिसर में होर्डिंग पर फोटो लगाए, वे शहर में बेखौफ घूम रहे हैं। शुक्रवार रात वे दो बाइक चुरा कर ले गए। वारदात भाजपा विधायक रमेश मेंदोला और आकाश विजयवर्गीय के घर से थोड़ी दूर हुई। बदमाश हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं।
घटना नंदानगर स्थित मजदूर चौक के पास की है। परदेशीपुरा पुलिस ने इंजीनियर रामकुमार रामबली रघुवंशी की शिकायत पर केस दर्ज किया है। राम की बाइक (एमपी 09-एक्सएल 0473) चोरी हुई थी। शुक्रवार रात उसने बाइक घर के बाहर पार्क की थी। शनिवार सुबह बाइक नदारद देख फुटेज खंगाले तो दो बाइक से आए चार बदमाश दिखे। दो के पास हथियार थे। आरोपितों ने पैर अड़ाकर लॉक तोड़ा और बाइक लेकर निकल गए।
फुटेज से हुई कंजरों की पहचान
फुटेज से पता चला कि घटना में पीपलरावां, चिड़ावद और दानी घाटी के कंजरों का हाथ है। गैंग का मुखिया अजय सत्यनारायण है। विजय नगर थाने की पुलिस ने अजय और उसके साथी सचिन, धरम, सोनू हाड़ा, हेमंत कुमारिया, महेंद्र उर्फ पिंटू उर्फ अंकुश के होर्डिंग बोर्ड पर फोटो लगाए थे। अजय लसूड़िया, कनाड़िया, पलासिया, खजराना, विजय नगर, बाणगंगा सहित शहर के नौ थानों से गाड़ियां चुराता है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.