रायसेन। स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा रायसेन में आयोजित सीएम राईज स्कूल भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम का कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। आगे चलकर यही देश-प्रदेश की तकदीर और तस्वीर बदलेंगे। जैसा हम उन्हें सिखाएंगे, शिक्षा देंगे वैसे ही वह आगे बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश में शिक्षा का स्तर और अधिक गुणवत्तायुक्त बनाने, स्कूली शिक्षा में आमूलचूल परिवर्तन करने के लिए सीएम राईज स्कूल शुरू करने का क्रांतिकारी निर्णय लिया। सीएम राईज स्कूलों से शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक क्रांति आएगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इन्दौर से 2519 करोड़ 12 लाख रूपये की लागत से रायसेन सहित प्रदेश में बनने वाले 69 सीएम राइज स्कूल का भूमि-पूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में जिले में तीन स्कूलों, रायसेन सहित गैरतगंज तथा औबेदुल्लागंज में सीएम राईज स्कूलों का भूमिपूजन किया गया है। इनमें दो स्कूल सांची विधानसभा में ही है। उन्होंने कहा कि बच्चे भी सीएम राईज स्कूलों में शिक्षा प्राप्त करने के लिए उत्साहित है। बच्चों में आगे बढ़ने की ललक है, वह भी आगे बढ़ना चाहते हैं। देश-प्रदेश में अपना, माता-पिता का, जिले का नाम रौशन करना चाहते हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि जिले में बच्चों को शासकीय स्कूलों में बेहतर से बेहतर शिक्षा मिले, इसके लिए लगातार प्रयासरत है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि सीएम राईज स्कूल 38.38 करोड़ रू की लागत से बनाया जाएगा। सीएम राइज स्कूल में स्मार्ट माध्यम से शिक्षा दी जाएगी और आधुनिक प्रयोगशाला, कम्प्यूटर लेब, स्मार्ट क्लॉस, पुस्तकालय की सुविधा के साथ कला, संगीत, खेल-कूद और व्यवसायिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी इन स्कूलों में उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिले, इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। लोगों को विभिन्न स्वरोजगार मूलक योजनाओं के माध्यम से रोजगार से जोड़ा जा रहा है। रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। आयुष्मान और संबल योजना चलाई जा रही है। प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण को ध्यान में रखकर सरकार द्वारा काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा ने कहा कि यह जिले के लिए सौभाग्य की बात है कि पहले ही चरण में रायसेन जिले में तीन सीएम राईज स्कूल प्रारंभ किए गए हैं। इन स्कूलों में बच्चों को आधुनिक तरीके से और अधिक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी तथा आगे चलकर वह सफलता के आयाम स्थापित करेंगे। उन्होंने सभी बच्चों और शिक्षकों को शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के इंदौर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाईव प्रसारण भी देखा व सुना गया। इस अवसर पर रायसेन नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता जमना सेन, कलेक्टर श्री अरविंद दुबे, जिला पंचायत सीईओ श्री पीसी शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एमएल राठौरिया ने बताया कि जिले में तीन सीएम राईज स्कूलों का भूमिपूजन किया गया है। इनमें रायसेन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटनदेव रायसेन, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गैरतगंज तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय औबेदुल्लागंज शामिल हैं। इन सीएम राईज स्कूलों में शासन की मंशानुरूप बच्चों को शिक्षा दी जाएगी। इन स्कूलों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। जिससे बच्चों को शिक्षा से उनके द्वारा चुने गए पथ पर आगे बढ़ने, अपनी पूरी क्षमता का उपयोग करने में समर्थ बनाने और परिपूर्ण जीवन जीने के लिए अवसर एवं सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में रायसेन सीएम राईज स्कूल की प्राचार्य डॉ सीमा शर्मा ने बताया कि सीएम राइज स्कूल में स्मार्ट माध्यम से शिक्षा दी जाएगी और आधुनिक प्रयोगशाला, कम्प्यूटर लेब, स्मार्ट क्लॉस, पुस्तकालय की सुविधा के साथ कला, संगीत, खेल-कूद और व्यवसायिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। सीएम राइज स्कूल में केजी से लेकर कक्षा 12वीं तक शिक्षा दी जाएगी। स्कूल में विश्व-स्तरीय अधो-संरचना, परिवहन सुविधा, नर्सरी एवं पूर्व प्राथमिक कक्षाएँ, स्मार्ट क्लॉस एवं डिजिटल लर्निंग, शत-प्रतिशत स्टॉफ एवं सहायक स्टॉफ, स्टॉफ की क्षमता वृद्धि, सुसज्जित प्रयोगशालाएँ, वाचनालय, पाठ्येत्तर सुविधाएँ, 21वीं सदी की आवश्यकता के अनुरूप कौशल कार्यक्रम, व्यावसायिक शिक्षा दी जाएगी।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा भी मौजूद थे।