नेशनल मेडिकोस ऑर्गेनाइजेशन शिवपुरी इकाई ने मनाया विश्व मधुमेह दिवस
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
नेशनल मेडिकोस ऑर्गेनाइजेशन (NMO) शिवपुरी इकाई के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष चौरसि एवं सचिव डॉ. पंकज शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में विश्व मधुमेह दिवस (World Diabetes Day) के अवसर पर शासकीय मेडिकल कॉलेज, शिवपुरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को प्री-डायबिटीज एवं मधुमेह के जोखिम कारकों, शुरुआती पहचान तथा बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इंडियन डायबिटीज रिस्क स्कोर (IDRS) के माध्यम से मधुमेह के जोखिम का आकलन करने के बारे में बताया गया। इसके अंतर्गत चार प्रमुख मानदंडों पर विशेष जानकारी दी गई, जिनमें आयु, कमर का घेरा, शारीरिक गतिविधि एवं पारिवारिक इतिहास शामिल हैं।
विद्यार्थियों को एक विशेष कार्य भी दिया गया कि वे अपने परिवारजनों एवं रिश्तेदारों का डायबिटीज रिस्क स्कोर पता करें तथा उन्हें मधुमेह के प्रति जागरूक करें। इसका उद्देश्य लोगों में मधुमेह के संभावित जोखिम की समय रहते पहचान को बढ़ावा देना था, क्योंकि कई बार शुरुआती अवस्था में मधुमेह के लक्षण स्पष्ट नहीं होते और व्यक्ति को लंबे समय तक अपनी बीमारी की जानकारी नहीं हो पाती।
कार्यक्रम में डॉ. अनंत राखुंडे द्वारा ग्लाइसेमिक इंडेक्स (Glycemic Index) के विषय में विस्तार से बताया गया। उन्होंने समझाया कि किस प्रकार खाद्य पदार्थों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स रक्त में शुगर के स्तर को प्रभावित करता है तथा सही खानपान, संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाकर मधुमेह के जोखिम को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. ईला गुजारिया, सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही मुख्य रूप से डॉ. गिरीश दुबे (उपाध्यक्ष) डॉ. गौरव जैन, डॉ. राजेंद्र पवैया एवं प्रांतीय विद्यार्थी प्रमुख डॉ. शिवम शर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
इसके साथ ही अनन्या वत्स (छात्र प्रमुख), भोला मेहता (छात्र सचिव), प्रतीक्षा शर्मा (छात्रा सचिव), नैतिक गुप्ता (आईटी प्रमुख) सहित NMO के अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल मधुमेह के प्रति स्वयं जागरूक रहने, बल्कि अपने परिवार एवं समाज में भी स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।