रायसेन। शहर स्थित शहंशाह-ए-मालवा बाबा पीर फतेह उल्लाह शाह साहब की दरगाह शरीफ पर आयोजित तीन दिवसीय सालाना उर्स का गुरुवार सुबह कुल की दुआ के साथ समापन हुआ। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पहुंचे और देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ मांगी।

उर्स के समापन अवसर पर वक्फ बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष सनावर पटेल और AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान भी दरगाह पहुंचे। दोनों ने दरगाह पर जियारत कर दुआ मांगी।
कव्वाली की महफिल में उमड़े जायरीन
उर्स के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन रायसेन पहुंचे। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात दरगाह परिसर में कव्वाली की महफिल आयोजित की गई। मशहूर कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। देर रात तक चली कव्वाली का जायरीनों ने आनंद लिया।

दरगाह परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्र में व्यवस्थाएं भी की गईं।

कुल की दुआ के साथ हुआ समापन
गुरुवार सुबह कुल की दुआ के साथ तीन दिवसीय उर्स का समापन हुआ। इस दौरान मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, खुशहाली और देश की तरक्की के लिए दुआ की गई। उर्स में शामिल हुए जायरीनों ने दरगाह पर चादर पेश कर अपनी मन्नतें मांगीं और जियारत की।