रायसेन। सांची विधानसभा क्षेत्र के विधायक, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सोमवार को ग्राम पेमत पहुंचकर नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। 162.98 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के करीब 30 गांवों के 21 हजार से अधिक ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लगभग 21,218 की आबादी को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। केंद्र पर 229 प्रकार की दवाएं, करीब 50 प्रकार की जांच एवं 26 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही यहां प्रसव सेवाएं भी संचालित होंगी तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्र के लिए चिकित्सकों एवं आवश्यक चिकित्सा स्टाफ के पद भी स्वीकृत किए गए हैं। चिकित्सकों एवं स्टाफ के ठहरने के लिए आवासीय भवन का निर्माण भी किया गया है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से ग्रामीणों को समय पर उपचार, जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में मिल सकेंगी, जिससे उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी।

इसके बाद डॉ. चौधरी ने ग्राम बगरोदा में नवनिर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया। नए भवन के उपलब्ध होने से आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को शासन की विभिन्न योजनाओं और पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत बबलू मीणा, विधायक प्रतिनिधि गोविंद महाराज, खरवई मंडल अध्यक्ष मिथिलेश पटेल, सरपंच श्रीमती सरिता भार्गव, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र बघेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष लीलाकिशन मीणा, उपसरपंच द्वारका प्रसाद लोधी, जनपद सदस्य नितेश पटेल, मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र पटेल, वरिष्ठ नेता दौलत पटेल, बूथ अध्यक्ष अजीत ठाकुर, मोहित पटेल सिंगरोली, अशोक महाराज, केशराम भैया, एडवोकेट शेख अनवर, राजेंद्र राठौर ‘राजू भैया’, नरेंद्र, मोहित, अंशुल शर्मा, हंसराज , द्वारका , दिनेश भार्गव, बृजेश चतुर्वेदी, सुशील कुशवाहा, बबलू अहिरवार, बारेलाल सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।