शिवपुरी के TI ने पेश की मिसाल, नशामुक्त और गाली-मुक्त जीवन का लिया आजीवन संकल्प
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले के अजाक थाना प्रभारी (TI) आचार्य डॉ. रणजीत सिंह रघुवंशी ने समाज के सामने एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए आजीवन नशामुक्त और गाली-मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया है। उन्होंने 50 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पर शपथपत्र जारी कर यह घोषणा की है कि वे जीवनभर किसी भी प्रकार के नशे या व्यसन से दूर रहेंगे और किसी भी व्यक्ति के लिए अपशब्द या गाली का प्रयोग नहीं करेंगे।
23 जुलाई 2026 को जारी शपथपत्र में डॉ. रघुवंशी ने स्पष्ट लिखा है कि वे चाय, कॉफी, बीड़ी, सिगरेट, मदिरा, मांस, मछली, अंडा सहित किसी भी प्रकार के नशे या व्यसन का सेवन नहीं करते हैं और भविष्य में भी अंतिम श्वास तक ऐसा नहीं करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे किसी भी व्यक्ति के लिए अपशब्द या गाली का प्रयोग नहीं करेंगे।
सबसे खास बात यह है कि उन्होंने यह शपथ पूरी तरह अपनी स्वेच्छा से लेने की बात कही है। शपथपत्र में उल्लेख किया गया है कि यदि भविष्य में उनकी किसी भी घोषणा का उल्लंघन सिद्ध होता है तो पुलिस विभाग द्वारा सेवा से पृथक किए जाने पर भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।
डॉ. रणजीत सिंह रघुवंशी का यह कदम न केवल पुलिस विभाग बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणादायी माना जा रहा है। उनका कहना है कि पुलिस अधिकारी का आचरण समाज के लिए उदाहरण होना चाहिए और नशामुक्त तथा संयमित जीवन से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
इस अनूठे शपथपत्र की चर्चा अब जिलेभर में हो रही है और लोग इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली पहल के रूप में देख रहे हैं।
