सलामतपुर थाने में बदलाव,नए थाना प्रभारी श्याम राज सिंह का स्वागत, दिनेश सिंह रघुवंशी को भावभीनी विदाई
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सेमरा में गुरुवार को सलामतपुर थाना में पदभार परिवर्तन के अवसर पर गरिमामय स्वागत एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान नवपदस्थ थाना प्रभारी श्याम राज सिंह का पुष्पमालाओं एवं शॉल पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया, वहीं स्थानांतरित थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी को उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उपस्थित लोगों ने नए थाना प्रभारी श्याम राज सिंह का स्वागत करते हुए उनसे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने की अपेक्षा जताई।
वहीं विदाई समारोह में वक्ताओं ने दिनेश सिंह रघुवंशी के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का सराहनीय प्रयास किया। उनके कार्यों को क्षेत्र लंबे समय तक याद रखेगा।
अपने संबोधन में नए थाना प्रभारी श्याम राज सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रहेगी। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों द्वारा नए थाना प्रभारी को शुभकामनाएं देने और दिनेश सिंह रघुवंशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।