शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
नगर के खिरीया नारायणदास टेकरी, वार्ड क्रमांक 10 में शनिवार देर रात करीब 2 बजे अज्ञात कारणों से रफीक खां नामक किराना व्यापारी की एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान उसकी चपेट में आने से जलकर खाक हो गई।
घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकान संचालक रफीक की किराना दुकान में रखा लाखों रुपये का किराने का सामान में खाने -पीने की समस्त सामग्री तेल , घी , दालें , चावल , शक्कर , ड्रायफ्रूट्स , सर्फ -साबुन , शेंपू , सौंदर्य प्रशाधन सामग्री एवं अन्य कास्मिटेक सामग्री इत्यादि एवं आग की चपेट में आने से दुकान में रखा किराना की समस्त सामग्री,एक फ्रिज, एक एलईडी टीवी सहित अन्य घरेलू एवं व्यावसायिक सामान भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है।
प्रारंभिक जांच में अनुमानित अग्निकांड में करीब 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया।काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था। राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस अग्निकांड से दुकान संचालक रफीक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने एवं आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।