मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन लोगों और पशुओं पर हमले की घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। मंगलवार सुबह भवानी चौक क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक तीन माह की पड़िया पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार भवानी चौक निवासी किशोरी लाल साहू के घर के पीछे उनकी भैंस की तीन माह की पड़िया रस्सी से बंधी हुई थी। सुबह करीब 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक पड़िया पर हमला कर दिया। कुत्तों ने पड़िया को बुरी तरह नोच डाला। हमले में उसका एक कान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पेट सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हो गए।
पड़िया की दर्दनाक आवाज सुनकर किशोरी लाल साहू घर से बाहर निकले तो देखा कि कुत्ते उसे घसीटते हुए दूर ले जाकर नोच रहे हैं। उन्होंने किसी तरह कुत्तों को भगाकर पड़िया की जान बचाई। गंभीर रूप से घायल पड़िया का उपचार शुरू कर दिया गया है, लेकिन उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
लंबे समय से बनी हुई है समस्या
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। भवानी चौक क्षेत्र में चार से पांच आवारा कुत्तों का झुंड हमेशा डेरा जमाए रहता है। राह चलते लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों पर कुत्ते अचानक हमला कर देते हैं।
कुछ दिन पहले सुबह टहलने निकले मोहन साहू पर भी कुत्तों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। उनका इलाज अभी भी जारी है। इसके अलावा पिछले कुछ महीनों में कई ग्रामीण कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं।
बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। अभिभावकों को बच्चों के घर से बाहर निकलने की चिंता सताने लगी है, वहीं पशुपालकों को अपने मवेशियों की सुरक्षा की फिक्र है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनके नियंत्रण के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बच्चे या व्यक्ति की जान भी जा सकती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से प्रशासन के समक्ष प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।