शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
गौवंश संरक्षण , संवर्धन एवं वध पर पूर्णता प्रतिबंध ओर कठोर कानून बनाए जाने की मांग को लेकर आज साधु-संतों की अगुवाई में सैकड़ों सनातन धर्मालंबियों द्वारा जनपद पंचायत प्रांगण में गौ माता की संतो द्वारा सैकड़ों गौ सेवकों के साथ विधिविधान से पूजा-अर्चना के बाद एक विशाल जुलूस निकाला जो मुख्य मार्ग से नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचा।
गौ सम्मान आव्हान अभियान समिति द्वारा साधु -संतों के नेतृत्व में 11 हजार हस्ताक्षरयुक्त 4 प्रतियों में ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति , प्रधानमंत्री , महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम पर अलग -अलग एसडीएम सौरभ मिश्रा को सौंपे गए ।
ज्ञापन में प्रमुखता से कृषि प्रधान देश में गौवंश आर्थिक मजबूती का एक अच्छा स्रोत्र है ओर गौ माता हमारी धार्मिक आस्था का आधार स्तंभ बताते हुए , गौ माता की लगातार घट रही संख्या और गौवंश तस्करी , बूचड़खानों में निर्मम वध , सड़क दुर्घटनाओं एवं पॉलीथिन खाने से मृत होने , लगातार गौवंश असुरक्षित होने पर चिंता जताते हुए बताया कि सनातन धर्मालंबियों की धार्मिक आस्था के सम्मान और गौ माता की पीड़ादायक दयनीय स्थिति को देखते हुए आपसे मांग करते हैं कि गौवंश संरक्षण का एकीकृत कानून बनाकर स्वत्रंत मंत्रालय बनाया जाए ताकि गौवंश वध पर प्रतिबंध लग सके एवं देश की समस्त वध शालाओं ( बूचड़खानों ) के लाइसेंस तत्काल निरस्त करके उन्हें बंद करके वध पर कठोर कार्रवाई नियत की जाए।
राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार को विशेष संकल्प प्रस्ताव पारित कर भेजा जाए। देशी गाय को राज्य एवं राष्ट्र स्तर पर राष्ट्र माता या राष्ट्र आराध्य के रूप में आधिकारिक संवैधानिक मान्यता देकर सरंक्षण किया जाए। गौ तस्करी एवं गौवध को संज्ञेय अपराध घोषित करके गैरजमानती बनाकर इसमें आजीवन कारावास का प्रावधान करके संलिप्त अपराधियों की संपत्ति कुर्क की जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर गौशाला खोली जाए , जिला स्तर पर गौ अभ्यारण , विशाल गौशाला स्थापित की जाएं। राज्य मार्गों पर गौवंश एंबुलेंस की व्यवस्था , स्कूली पाठ्यक्रम में गोविज्ञान विषय रखा जाए एवं गौचर विकास बोर्ड इत्यादि सहित सभी 8 सूत्रीय मांगों को तत्काल स्वीकृत करके सनातन धर्मालंबियों की धार्मिक आस्था एव भावनाओं का सम्मान किए जाने का आग्रह किया है।