सैयद मसूद अली पटेल
जबलपुर। भेड़ाघाट मध्यप्रदेश में ऑल इंडिया पंचायत परिषद का 68वां स्थापना दिवस समारोह भेड़ाघाट, जबलपुर में हर्षोल्लास और भविष्य के संकल्पों के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया पंचायत परिषद एवं मध्यप्रदेश राज्य पंचायत परिषद के तत्वावधान में किया गया। इसकी अध्यक्षता मध्यप्रदेश राज्य पंचायत परिषद के अध्यक्ष अशोक सिंह सेंगर ने की।
कार्यक्रम में “73वें संविधान संशोधन के पश्चात त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं की उपलब्धियां और परिषद की भूमिका” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य वक्ता के रूप में परिषद के मुख्य महामंत्री शीतला शंकर विजय मिश्र ने कहा कि परिषद की स्थापना 12 अप्रैल 1958 को हुई थी और आज इसके 68 वर्ष पूरे हो चुके हैं। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने में परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि 73वें संविधान संशोधन (1993) के बाद पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक अधिकार मिले, जिससे देशभर में त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था मजबूत हुई। उन्होंने यह भी कहा कि गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केवल नारे नहीं, बल्कि पर्याप्त संसाधनों की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में पंचायतों के सशक्तिकरण, ग्राम सभाओं को अधिक अधिकार देने, आधुनिक सुविधाओं से युक्त पंचायत भवन निर्माण तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों को सम्मानित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। परिषद ने सुझाव दिया कि पंचायत दिवस (24 अप्रैल) पर उत्कृष्ट जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाए।
मुख्य अतिथि के रूप में परिषद के अध्यक्ष अशोक सिंह जादौन ने “चलो गांव की ओर” अभियान के तहत देशभर में पंचायतों के सशक्तिकरण के लिए कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पंचायत प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और महिला सरपंचों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन शिव प्रताप पटेल ने किया।
समारोह में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही और पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया गया।