मंडीदीप में NSUI की बड़ी बैठक: स्थापना दिवस पर युवाओं ने भरी हुंकार, 50 नए सदस्यों ने ग्रहण की सदस्यता
रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
मंडीदीप नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आज भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में एन.एस.यू.आई. की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक एन.एस.यू.आई. के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे एवं जिला अध्यक्ष अजय रघुवंशी के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक का नेतृत्व विधानसभा अध्यक्ष सचिन राय तथा ब्लॉक अध्यक्ष यासिम खान ने किया। बैठक में छात्र-छात्राओं की समस्याओं, युवाओं से जुड़े मुद्दों एवं भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान सचिन राय के नेतृत्व में 50 युवाओं ने एन.एस.यू.आई. की सदस्यता ग्रहण की। साथ ही क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने का संकल्प भी लिया गया। बैठक में सैकड़ों युवाओं की उपस्थिति देखने को मिली, जिससे संगठन की मजबूती का संदेश गया।
इस अवसर पर युवाओं के चेहते गोपाल ठाकुर, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव राजकुमार पटेल, भारत पदयात्री परेश नागर, सरपंच संघ अध्यक्ष राजू मेहरा, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष जसवंत कीर, वरिष्ठ नेता दीपेश मीणा एवं नगर अध्यक्ष दशरथ मीणा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष सचिन राय ने युवाओं को आश्वासन दिया कि वे उनके सुख-दुख में 24 घंटे साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यकता पड़ने पर धरना और घेराव जैसे आंदोलन भी किए जाएंगे।
एन.एस.यू.आई. स्थापना दिवस पर आयोजित यह बैठक आगामी राजनीतिक गतिविधियों और युवा आंदोलन की रणनीति के रूप में भी देखी जा रही है।