मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज सोसायटी के अंतर्गत सरस्वती वेयरहाउस, हाईटेक वेयरहाउस और रिया वेयरहाउस में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी गुरुवार से शुरू हो गई। खरीदी प्रारंभ करने से पहले केंद्रों पर विधिवत कांटे की पूजा-अर्चना की गई।
हालांकि, पहले ही दिन तकनीकी व्यवस्था फेल हो गई और एक भी स्लॉट बुक नहीं होने के कारण गुरुवार को खरीदी पूरी तरह ठप रही। इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई किसान बिना गेहूं बेचे ही वापस लौट गए।
शुक्रवार को स्थिति में सुधार देखने को मिला। स्लॉट बुकिंग शुरू होते ही खरीदी ने गति पकड़ी और तीनों वेयरहाउस में मिलाकर लगभग 3 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई।

खास बात यह रही कि खरीदी केंद्र पर सबसे पहले पहुंचे किसान का समिति के कर्मचारियों द्वारा फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल बन गया।
वहीं, समिति द्वारा पहले 5 एकड़ तक के छोटे किसानों की गेहूं खरीदी को प्राथमिकता दी जा रही है। इनके बाद बड़े किसानों की खरीदी प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि छोटे किसानों को पहले राहत मिल सके।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि स्लॉट बुकिंग व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू रखा जाए, ताकि आगे खरीदी कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रह सके। स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि स्लॉट बुकिंग व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रही, तो आने वाले दिनों में खरीदी और तेज हो सकती है। वहीं प्रशासन से मांग की जा रही है कि तकनीकी खामियों को जल्द दूर कर किसानों को परेशानी से बचाया जाए।