जल संरचनाओं को जीवित रखने के लिए उठाएं जा रहे ठोस कदम, जनभागीदारी से होगा जीर्णोद्धार: एसडीएम मिश्रा
जल गंगा अभियान के तहत तालाब की साफ सफाई की
शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के महत्व को समझते हुए शुक्रवार को विकास खंड की ग्राम पंचायत विनायकपुर के ग्राम बर्री खुर्द में जल गंगा संवर्धन अभियान का जनभागीदारी से एसडीएम सौरभ मिश्रा, तहसीलदार प्रमोद उईके येई अभिषेक पवार ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह यादव, इंजीनियर रामलाल मडरई, जीआरएस संतोष गुर्जर और ग्रामीणों द्वारा शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों की सफाई, जल संरक्षण और संवर्धन के लिए जन जागरूकता फैलाना है। अभियान के तहत ग्राम बर्री खुर्द के पुराने तालाब की साफ सफाई अभियान का जनभागीदारी से शुभारंभ हुआ जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनपद पंचायत कर्मियों और ग्रामीण नागरिकों ने मिलकर श्रम दान कर तालाब की सफाई की।
साथ ही ग्रामीणों को जल एक अपव्यय नहीं करने के लिए भी समझाईश दी गई। अभियान के तहत मुख्य कार्यों में जल संग्रहण संरचनाओं का निर्माण, तालाबों और नदियों का पुनर्जीवन, जल स्त्रोतों की सफाई, मरम्मत और जीर्णोद्धार, जल वितरण संरचनाओं की सफाई और प्रदूषण को कम करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा मानसून में पौधारोपण, ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम और स्कूलों में बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जलधारा को जीवित रखने के लिए गेबियन संरचना, ट्रेंच, पौध-रोपण, चेकडैम और तालाब निर्माण पर भी जोर दिया जाएगा। जलाशयों से रिसाव रोकने, तालाबों की पिचिंग, बैराज मरम्मत और नहरों को अतिक्रमण मुक्त करने के कार्य भी इस अभियान में शामिल होंगे।