– मप्र शिक्षक संघ ने शिक्षकों की समस्याएं गिनाईं, आदेश निरस्त कर न्यायालय में पक्ष रखने की मांग
रायसेन। शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी निरस्ती की मांग को लेकर मप्र शिक्षक संघ जिला इकाई रायसेन ने आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में संघ के पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, होशंगाबाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं क्षेत्रीय विधायक प्रभुराम चौधरी को ज्ञापन सौंपकर मांगों से अवगत कराया।
ज्ञापन में संघ ने बताया कि टीईटी से संबंधित आदेशों के कारण शिक्षकों में असंतोष की स्थिति है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के हित प्रभावित हो रहे हैं, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। संघ ने केंद्र एवं राज्य सरकार से हस्तक्षेप कर परीक्षा संबंधी आदेश को निरस्त कराने तथा न्यायालय में शिक्षकों के पक्ष में प्रभावी पैरवी करने की मांग की है।

मप्र शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष गिरीश चंदेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने तीनों जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान शिक्षकों की सेवा अवधि, नियुक्ति से जुड़े मुद्दों एवं परीक्षा से उत्पन्न व्यावहारिक कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान केंद्रीय मंत्री, सांसद एवं विधायक ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों का संरक्षण प्राथमिकता है और इस विषय पर शासन स्तर पर चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक संघ के सदस्य उपस्थित रहे। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों के निराकरण तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकतानुसार आगे की रणनीति बनाई जाएगी।