सी के पारे भोपाल
भोपाल में अवैध निर्माण के खिलाफ जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध ढांचों को हटाया।
यह कार्रवाई जिला प्रशासन और भोपाल नगर निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर की। अभियान के दौरान बिना अनुमति बनाए गए मकान, दुकानों और सरकारी जमीन पर किए गए निर्माणों को चिन्हित कर हटाया गया।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर एंटी-एन्क्रोचमेंट टीम ने कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों ने निर्माण के लिए अनुमति नहीं ली थी या नोटिस के बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटाया, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही। तहसीलदार अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि कई जगहों पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया गया था, जिस पर नियमानुसार नोटिस जारी कर कार्रवाई की गई।
अधिकारियों के अनुसार शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भवन निर्माण से पहले सभी आवश्यक अनुमति और नक्शा स्वीकृति अवश्य लें, अन्यथा अवैध निर्माण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।