सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर में धार्मिक वातावरण के बीच संगीतमय श्री रामकथा का आयोजन 27 मार्च से 2 अप्रैल तक किया जाएगा। यह आयोजन मंडी रोड स्थित अंबेडकर पार्क में प्रतिदिन सायं 8 बजे से रात्रि 11 बजे तक होगा। कथा वाचन प्रसिद्ध कथावाचक पंडित स्वामी नवीन बिहारी महाराज द्वारा किया जाएगा, जिनके मुखारविंद से भक्तजन श्रीराम कथा का रसपान करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ 27 मार्च शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। यह शोभायात्रा दोपहर 3 बजे अन्नपूर्णा मंदिर बस स्टैंड से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल मंडी रोड, अंबेडकर पार्क पहुंचेगी। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की झांकियां, धार्मिक ध्वज एवं भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कथा के समापन अवसर पर 2 अप्रैल शुक्रवार को कन्या विवाह एवं नगर भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें नगर एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं को प्रसादी ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान नप उपाध्यक्ष अशोकसिंह ठाकुर एवं श्रीमती फूलबाई ठाकुर हैं। आयोजन श्री हनुमान मंदिर समिति टेकापार एवं सकल हिंदू संगठन, नगर व क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्री रामकथा श्रवण करने और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।