सी के पारे रायसेन
रविवार–सोमवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सोमवार सुबह नकतरा चौकी पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक का शव बरामद किया।
मिली जानकारी के अनुसार भोपाल निवासी और नगर के वार्ड नंबर 8 का रहने वाला अब्दुल कयूम रविवार रात भोपाल से मोटरसाइकिल से बेगमगंज जा रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन पुलिया के पास बने डायवर्सन मार्ग पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने सड़क निर्माण कंपनी और ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिया निर्माण के दौरान डायवर्सन रोड पर न तो कोई सूचना बोर्ड लगाया गया था और न ही चेतावनी संकेत, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी फलों से भरा मिनी ट्रक इसी निर्माणाधीन पुलिया में गिर गया था।मृतक के मामा लाजिम खान ने बताया कि अब्दुल कयूम रविवार को दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात यह दर्दनाक हादसा हो गया।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण स्थल पर तुरंत सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हो।