आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए जल का अपव्यय रोकना होगा- विधायक डॉ चौधरी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
जिले में सांची जनपद की ग्राम पंचायत सुनारी में आयोजित कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा द्वारा जिला स्तर पर जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में ग्रामीण महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई तथा यह कलश यात्रा ग्राम सुनारी में स्थित तालाब पर पहुंची, जहां विधायक डॉ चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मीणा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तालाब गहरीकरण हेतु श्रमदान कर कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सांची जनपद अध्यक्ष श्रीमती अर्चना पोर्ते, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, श्री राकेश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक डॉ चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आज सुनारी से जल गंगा संवर्धन अभियान का जिला स्तर पर शुभारंभ किया गया है। यह अभियान भावी पीढ़ि के लिए जल संसाधनों की सुरक्षा और बारिश के पानी को सहेजने का महत्वपूर्ण प्रयास है तथा इसमें जनभागीदारी जरूरी है। आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए सभी को जल का अपव्यय रोकना होगा। आज सुनारी में तालाब गहरीकरण कार्य शुरू किया गया है, जिसके लिए 9 लाख 55 हजार रू की राशि स्वीकृत की गई है। तालाब गहरीकरण होने से इसकी जल संग्रहण क्षमता बढ़ेगी और भू-जल स्तर में भी वृद्धि होगी।
विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि जल ही जीवन है, जल के बिना जीवन संभव नहीं है। सभी को जल का महत्व समझना होगा। जल के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार द्वारा यह अभियान चलाया जाता है, इसमें सभी नागरिकों को भी सामाजिक जिम्मेदारी लेनी होगी। हमें आने वाली पीढ़ी के लिए जल का संरक्षण करना होगा। आज कई क्षेत्रों में भू-जल स्तर बहुत नीचे चला गया है। पुराने जलस्त्रोत और जल संरचनाओं में जल धीरे-धीरे कम होता जा रहा है, इनका संरक्षण और जीर्णोद्धार बहुत जरूरी है। जिससे कि बारिश का अधिक से अधिक पानी इनमें संग्रहित किया जा सके।
विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा नलजल योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। कुछ गांव में ट्यूबवेल खनन् के दौरान पेयजल का स्त्रोत नहीं मिलने से जलाशयों से शोधन करके जल उपलब्ध कराया जा रहा है। क्षेत्र में हलाली डेम से समूह नलजल योजना के माध्यम से सांची जनपद के 25 गांवों में जल उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। इसी प्रकार गैरतगंज क्षेत्र में भी सेमरी जलाशय योजना के माध्यम से जल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा बारना जलाशय से भी जल उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने सभी से बारिश के जल को सहेजने, जल संरचनाओं के संरक्षण और जीर्णोद्धार तथा जल के अपव्यय को रोकने का आव्हान भी किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा ने कहा कि 19 मार्च से जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ हो गया है और यह 30 जून तक चलेगा। जल गंगा संवर्धन अभियान को जन आंदोलन बनाने और इसकी सफलता के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पहले पर्याप्त जल था, लेकिन पुराने जल स्त्रोतों, संरचनाओं कुएं, तालाब, बाबड़ी आदि की अवहेलना करने और देखरेख नहीं करने के कारण वह सूख गए। यह अभियान इन पुराने जल स्त्रोतों और जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार करने तथा बारिश की बूंद-बूंद को सहेजने के लिए चलाया जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति को आने वाली पीढ़ी के लिए, बच्चों के लिए जल को सहेजना होगा और संवर्धन करना होगा। कार्यक्रम में श्री राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया।