मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्राम पंचायत नरखेड़ा, ग्राम पंचायत दीवानगंज को सामुदायिक भवन की सुविधा मिलने जा रही है। इन पंचायतों में सरकार की ओर से सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दीवानगंज और ग्राम पंचायत नरखेड़ा में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य शुरू भी हो चुका है। प्रत्येक सामुदायिक भवन का आकार करीब 35 फीट चौड़ाई और 85 फीट लंबाई का रखा गया है।
सरकार द्वारा हर सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए करीब 25 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। भवन बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में बैठक, सामाजिक कार्यक्रम, ग्राम सभाएं, विवाह समारोह और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक भवन बनने से गांव में कई प्रकार की सुविधाएं बढ़ेंगी और लोगों को कार्यक्रमों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। इससे गांव के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी बढ़ावा मिलेगा।