रायसेन । सिलवानी थाना क्षेत्र में एक शख्स ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मिली जानकारी के अनुसार, जैथारी चौकी क्षेत्र के बाड़ा देवरी के जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला है। मृतक की पहचान सोहन आदिवासी, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी जैथारी के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, सोहन आदिवासी बुधवार शाम घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह बाड़ा देवरी के जंगल में उनका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सिलवानी भेज दिया गया। मृतक के तीन बच्चे बताए जा रहे हैं। फिलहाल मृतक के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।