मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा मार्ग की खतरनाक बालमपुर घाटी पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पत्थरों से भरा ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 7564 घाट चढ़ाई के दौरान अचानक ब्रेक फेल होने से पीछे की ओर तेजी से रिवर्स होने लगा और खाई की तरफ बढ़ गया। चालक-परिचालक की सूझबूझ और सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग और पत्थर के सहारे ट्रक को बमुश्किल रोका जा सका।
जानकारी के अनुसार ट्रक विदिशा से भोपाल की ओर जा रहा था। घाट चढ़ते समय ब्रेक फेल होते ही वाहन अनियंत्रित होकर पीछे ढलान पर लुढ़कने लगा। स्थिति भांपते हुए क्लीनर ने तुरंत पीछे के पहियों में पत्थर अड़ाए, जबकि ट्रक रेलिंग से टकराकर अटक गया। इससे ट्रक खाई में गिरने से बच गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घाटी पर लगातार हो रहीं दुर्घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि बालमपुर घाटी पर आए दिन वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। भारी वाहनों के ब्रेक फेल और नियंत्रण खोने की घटनाएं आम हो चुकी हैं। इसके बावजूद संबंधित एजेंसी एमपी आरडीसी द्वारा सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे।
क्षतिग्रस्त रेलिंग बनी खतरा
घाटी के दोनों ओर लगी लोहे की रेलिंग कई स्थानों पर टूट-फूट और झुकी हुई है। मंगलवार की घटना में यही रेलिंग सहारा बनी, लेकिन यदि रेलिंग पूरी तरह से टूटी होती तो ट्रक सीधे खाई में गिर सकता था। ग्रामीणों ने रेलिंग की तत्काल मरम्मत और घाटी पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। स्थान स्थानीय लोगों ने मांग की है कि
घाटी पर मजबूत क्रैश बैरियर व नई रेलिंग लगाई जाए,खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी संकेत व रंबल स्ट्रिप,भारी वाहनों की गति व ब्रेक जांच व्यवस्था हो।रात्रि प्रकाश व आपातकालीन सहायता बिंदु हो।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।