इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान , जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर प्रभुराम चौधरी को दे चुके कई बार आवेदन
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज, जमुनिया, अंबाडी, देहरी, बरजोरपुर,बालमपुर सहित आसपास के गांवों के किसानों ने सिंचाई सुविधा के लिए छोटी नहर/वरा (माइनर) निर्माण की मांग को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद की है। दशरथ सिंह विश्वकर्मा, अमर सिंह मीणा, मुकेश साहू, राकेश कुशवाहा, सुरेश साहू, राजकुमार साहू, दिनेश साहू, मोहन सिंह मीणा, हाकम सिंह मीणा, गब्बर सिंह मीणा, अभिषेक मीणा,नवल सिंह मीणा, निरंजन मीणा, दीवान सिंह मीणा , मुकेश नायक, बादाम विश्वकर्मा सहित कई किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को हलाली डैम पर छोटी नहर, वरा या माइनर के लिए आवेदन दिया।

किसानों का कहना है कि वे कई वर्षों से नहर की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।किसानों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान , जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर प्रभुराम चौधरी को भी कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में सिंचाई के स्थायी साधन का अभाव बना हुआ है, जिससे खेती पूरी तरह वर्षा पर निर्भर है।
सोमवार को किसानों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम आवेदन सौंपते हुए दीवानगंज क्षेत्र के लिए छोटी नहर/वरा या माइनर नहर स्वीकृत करने की मांग की। किसानों ने कहा कि यदि नहर बनती है तो हजारों एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा और फसल उत्पादन में वृद्धि होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हर साल सूखे या कम वर्षा की स्थिति में फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। नहर निर्माण से न केवल सिंचाई की समस्या दूर होगी बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। किसानों ने शासन से मांग की है कि इस मुद्दे पर शीघ्र सर्वे कराकर नहर निर्माण की स्वीकृति दी जाए।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।