सी के पारे
औबेदुल्लागंज रायसेन। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए तहसील कार्यालय में जल संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार द्वारा की गई जिसमें क्षेत्र में गिरते भू-जल स्तर, पेयजल संकट और वर्षा जल संचयन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के प्रतिनिधि, कृषि विभाग के विस्तार अधिकारी, राजस्व निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र के तालाबों, कुओं और बावड़ियों की साफ-सफाई कर उनका पुनर्जीवन कराया जाए तथा शासकीय भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को जल बचाने के लिए प्रेरित करने तथा किसानों को सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं और खेत तालाब योजना का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। तहसीलदार ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय सीमा में कार्ययोजना प्रस्तुत करें और लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।