सी के पारे रायसेन
औद्योगिक नगरी मंडीदीप के शासकीय खेल मैदान में श्री राम राज्य हिंदू संगठन एवं हनुमान अखाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 30 पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता से पूर्व पहलवानों की आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई दोपहर में खेल मैदान पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल पहलवानों का उत्साह देखने योग्य था। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और देर रात तक दांव-पेंच का रोमांच बना रहा। आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता पहलवानों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में परशुराम बोर्ड के अध्यक्ष विष्णु राजोरिया (राज्यमंत्री दर्जा), नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र अग्रवाल, पंडित शिवकुमार भार्गव एवं सज्जन पाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन समिति के करण मेहरा, कुणाल मेहरा सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत कर विजेताओं को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में बाल केसरी ओपन वर्ग में रुद्रकांत वाली (मंडीदीप) प्रथम तथा आदित्य पहलवान द्वितीय रहे। ओपन 55 किलोग्राम वर्ग में दिव्यांश सोनी (बरेली) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मंडीदीप के द्वितीय हमीद पहलवान उपविजेता रहे। रूप सिंह पहलवान और विमल सिंह पहलवान की जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किए जाते हैं। क्षेत्रवासियों ने सफल आयोजन पर समिति को बधाई दी।