– कान पकड़कर थाने से कोर्ट तक पैदल घुमाया
– कान पकड़कर कहा कि अपराध करना पाप है पुलिस हमारी बाप है
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी के देहात थाना अंतर्गत झांसी तिराहे पर शराब के नशे में धुत्त दो आरोपियों द्वारा एक पुलिस आरक्षक से अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने इनका जुलूस निकाल दिया। दोनों आरोपियों ने कान पकड़कर माफी मांगी। साथ ही दोनों आरोपी देहात थाने से न्यायालय तक पैदल चले। इस दौरान कान पकड़कर कहा कि अपराध करना पाप है पुलिस हमारी बाप है।
पुलिस ने निकाल दिया जुलूस-
पुलिस आरक्षक से अभद्रता के बाद देहात थाना पुलिस दोनों आरोपियों को कान पकड़कर माफी मंगवाते हुए थाना परिसर से न्यायालय तक पैदल ले गई। आरक्षक से अभ्रदता की वारदात झांसी तिराहा स्थित शराब की दुकान के पास हुई थी। जुलूस के दौरान, दोनों आरोपी कान पकड़कर अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है, कहते हुए दिखे।
अभ्रदता का वीडियो हुआ था वायरल-
देहात थाना अंतर्गत झांसी तिराहे पर शनिवार को पुलिस आरक्षक से विवाद का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें झांसी तिराहा स्थित शराब की दुकान के पास झगड़े के दौरान बीचबचाव करने पहुंचे आरक्षक राहुल चौहान से आरोपियों ने गालीगलौज और धक्कामुक्की की थी। एक आरोपी ने कड़े से वार करने की कोशिश करते हुए कहा था कि हाथ नहीं, हथौड़ा है। इसके अलावा गाली गलौच भी की गई थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर केस दर्ज किया गया और कोर्ट में पेश किया गया।