सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के प्रसिद्ध सिद्ध क्षेत्र माता जानकी मंदिर, भानपुरगंज मिनी करीला धाम में इस वर्ष भी रंगपंचमी के अवसर पर भव्य आयोजन होने जा रहे हैं। सिलवानी मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित इस पावन धाम में 7 मार्च से सीताराम महायज्ञ का शुभारंभ होगा, जो 11 मार्च को विशाल भंडारे और महाप्रसादी के साथ संपन्न होगा। आयोजन की व्यवस्थाओं और रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को मंदिर प्रांगण में आयोजन समिति एवं क्षेत्रीय नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
8 मार्च को रंगपंचमी के विशेष अवसर पर यहाँ विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। मान्यता है कि अशोकनगर स्थित करीला धाम की तर्ज पर यहाँ भी श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूरी होती है। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर प्रांगण में नृत्य (राई) का आयोजन करवाते हैं। इस दौरान रायसेन जिले सहित आसपास के अन्य जिलों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु माँ जानकी के दर्शन हेतु पहुँचते हैं। आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष रामस्वरूप गौर, पंडित विशाल तिवारी, अवधेश तिवारी, हरिकृष्ण गौर, राकेश श्रीवास्तव, वृंदावन जी, हृदयराम गौर, कमलेश कुशवाहा, मुंशीलाल, सरदार गौर, साहब पटेल, वीरेंद्र गौर, जगदीश गौर, शिवराज सिंह राजपूत, गजेंद्र गुर्जर, हरिसिंह जंगरिया, सोनू पटेल, नवल गौर, राजेन्द्र गौर, संजेश चिडार, बाबूलाल चिडार, हल्कू, निहालसिंह, अमित, राजा और टीकू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद थे।