– अंकिता परिसर कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
भोपाल। महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों के बीच अयोध्या बायपास स्थित अंकिता परिसर कॉलोनी के शिव मंदिर में शनिवार को दूल्हेराजा भोलेनाथ की पारंपरिक हल्दी रस्म श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया और विधि-विधान से हल्दी अर्पित की। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था। महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए भोलेनाथ को दूल्हे के रूप में सुसज्जित किया। हल्दी की रस्म के दौरान वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान से सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की प्रार्थना की। कार्यक्रम में पल्लवी जोशी, वंदना जोशी, पुष्पा ठाकरे, प्रीति नायक, हेमलता साहू, तनु लोखंडे एवं सुनीता लोधी सहित कॉलोनी की अनेक महिला श्रद्धालु उपस्थित रहीं। आयोजकों ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजन, भजन-कीर्तन एवं प्रसादी वितरण का आयोजन भी किया जाएगा।