– लवाझिर में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, नाली व अमृत सरोवर सहित कई विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जब गांव मजबूत होंगे, तभी प्रदेश और देश सशक्त बनेंगे। हमारी प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ हों और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह बात विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने ग्राम पंचायत लवाझिर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

विधायक डॉ. चौधरी ने गैरतगंज तहसील के ग्राम पंचायत लवाझिर स्थित सिद्धभूमि पटी मानक चौक में क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने यहां सिद्ध दरबार के दर्शन भी किए। कार्यक्रम के दौरान कुल 58 लाख रुपये से अधिक की लागत से स्वीकृत विकास कार्यों की शुरुआत और पूर्ण कार्यों को जनता को समर्पित किया गया। भूमिपूजन अंतर्गत 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, 5 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण तथा 8 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। वहीं 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित ग्रेवल रोड तथा 15 लाख रुपये की लागत से तैयार अमृत सरोवर तालाब का लोकार्पण कर उन्हें ग्रामीणों के उपयोग के लिए समर्पित किया गया। अपने संबोधन में विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि सामुदायिक भवन से गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामूहिक आयोजनों को एक सुव्यवस्थित मंच मिलेगा। सीसी रोड और नाली निर्माण से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं स्वच्छता और जल निकासी की समस्याओं से भी निजात मिलेगी। अमृत सरोवर तालाब जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वर्षा जल का संचयन होगा और जलस्तर में सुधार आएगा, जिसका लाभ कृषि और पशुपालन दोनों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि गांवों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। लवाझिर सहित पूरे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आने वाले समय में और भी विकास कार्य स्वीकृत कराए जाएंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, जनपद पंचायत अध्यक्ष विजय पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई, मंडल अध्यक्ष संजय जैन, नगर परिषद उपाध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नीतू नीरज जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।