विजय सिंह राठौर, रायसेन
रायसेन जिला खेल परिसर में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ का समापन बेहद भव्य रहा। इस गरिमामयी कार्यक्रम में राजनीति और खेल जगत की बड़ी हस्तियों ने शिरकत कर स्थानीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। उनके साथ मंच पर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा जैसी प्रमुख हस्तियाँ मौजूद रहीं।
इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा रहे।

जैसे ही जडेजा मैदान पर पहुँचे, पूरा स्टेडियम उनके नाम के नारों से गूँज उठा। जडेजा ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि छोटे शहरों में ही असली प्रतिभा बसती है, बस उन्हें सही मंच और कड़ी मेहनत की आवश्यकता है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि यह अनुशासन और टीम वर्क की भावना भी पैदा करता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र की खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।