राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत विशाल हिन्दू सम्मेलन आयोजित, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत हनुमान बस्ती खंड गंज में एक विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। जनपद ग्राउंड में हुए इस आयोजन में सनातन प्रेमी, संत समाज, विभिन्न मठ-मंदिरों के पुजारी, युवा शक्ति, सज्जन शक्ति और विद्यार्थी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
नगर के हनुमान बस्ती में शनिवार को विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर के विभिन्न क्षेत्रों से छोटी छोटी कन्याओं एवं महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली, आयोजन स्थल पर हवन का आयोजन हुआ जिसमें हिन्दू सनातनी ने आहुति छोड़ी।

कार्यक्रम में शामिल महामंडलेश्वर स्वामी भागवतानंदगिरी महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक सौरभ जी मुख्य वक्ता रहे। इस मौके पर महामंडलेश्वर महाराज ने कहा कि सनातन हिंदू धर्म पूरे विश्व में एकमात्र धर्म है, जबकि अन्य सभी पूजा पद्धतियां, मत, पंथ या संप्रदाय हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ने ही संपूर्ण विश्व को जोड़ने का मंत्र ‘सर्वे भवन्तु सुखिन:’ दिया है। इसकी कल्पना केवल सनातन संस्कृति में ही मिलती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की साधना और संतों की प्रेरणा से आज देश का हिंदू संगठित हुआ है। उन्होंने कहा कि संपत्ति, व्यवसाय, परिवार, पूजा पद्धति और पूजा स्थल तभी तक सुरक्षित हैं, जब तक हिंदू संगठित, सबल और समरस है। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्यथा विधर्मी शक्तियां सनातन से दूर करने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगी।

कार्यक्रम में मौजूद संघ प्रचारक सौरभ जी में कहा कि अब लोग ‘भारतमाता की जय’ और ‘वंदेमातरम्’ बोलने के लिए तत्पर हैं। पर्वों और त्योहारों को समरस भाव से मनाया जा रहा है, और जन्मभूमि को अपनी मां के समान माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समाज परिवर्तन के पांच प्रणों का भी उल्लेख किया। ये प्रण हैं: सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, सामूहिक परिवार जीवन शैली, स्वदेशी भाव का जागरण और नागरिक कर्तव्यों का बोध। उन्होंने कहा कि इन परिवर्तनों से हिंदू समाज की जय होगी और विश्व का कल्याण होगा, जिसमें सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम स्थल पर स्वदेशी वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए वही पूरे मैदान को भगवा ध्वज से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन दीपकराज श्रीवास्तव ने किया। तथा गिरीश चंदेल ने सभी का आभार व्यक्त किया।