देवेन्द्र तिवारी सांची रायसेन
सांची नगर में इन दिनों रात ढलते ही घरों की छतों पर कबर बिज्जुओं का आतंक देखने को मिल रहा है। इन जंगली जानवरों की आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है, खासकर छोटे बच्चों में भय व्याप्त है। वहीं, प्रशासन इस समस्या से पूरी तरह बेखबर नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पहले ये कबर बिज्जू केवल कब्रिस्तान, श्मशान और वीरान स्थानों पर ही दिखाई देते थे, लेकिन अब इन्होंने आबादी वाले क्षेत्रों को अपना ठिकाना बना लिया है। रात होते ही जब लोग गहरी नींद में सो जाते हैं, तब ये जानवर छतों पर चहलकदमी करने लगते हैं।
इनकी बनावट और तेज आवाज के कारण कई बार लोग इन्हें देखकर भयभीत हो उठते हैं। नागरिकों का कहना है कि इनके आने-जाने की खड़खड़ाहट से अक्सर चोरों और उचक्कों के घूमने का भ्रम हो जाता है, जिससे रातभर लोग सतर्क रहते हैं। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर कई बार चोर भी अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते हैं।
नगरवासियों ने प्रशासन से इन कबर बिज्जुओं को पकड़कर जंगलों की ओर छोड़ने की मांग की है, ताकि रिहायशी इलाकों में फैली यह दहशत खत्म हो सके ।
यदि प्रशासन ने शीघ्र कदम नहीं उठाया, तो रातों की यह खड़खड़ाहट लोगों की नींद ही नहीं, उनकी शांति भी छीन लेगी।