मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
कुछ किसानों की फसलों के बाजार में आने और अधिकारियों-कर्मचारियों को दीपावली के पहले ही वेतन के भुगतान ने धनतेरस पर बाजार में खूब धन बरसेगा। धनतेरस के दूसरे दिन रविवार को दीवानगंज में हाट बाजार भरता है जिसमें आसपास के 40 गांव के ग्रामीण बाजार करने पहुंचेंगे। व्यापारी सुबह से ही अपनी दुकानें लेकर बालमपुर और बरखेड़ी चौराहे के हाट बाजार में पहुंच गए। जिन व्यापारियों को जगह नहीं मिली उन व्यापारियों की बाजार के ठेकेदार ने व्यवस्था करवाई। दिनभर बाजार के रास्ते जाम रहे, वाहनों की रेलमपेल रही, प्रतिष्ठानों के साथ ही छोटे-छोटे दुकानदार और हाथ ठेले और फुटपाथ पर अपना त्यौहारी सामान बेचने वालों की भी खूब बिक्री हुई। बालमपुर और बरखेड़ी चौराहे के हाट बाजार में पटाखों की दुकान को एक तरफ जगह दी गई थी। ताकि कोई अनहोनी ना हो सके। कुछ साल पहले बेरखेड़ी चौराहे पर पटाखे की दुकान में आग लग गई थी जिस कारण कई व्यापारियों की दुकानें जलकर राख हो गई थी। बालमपुर और बैरखेड़ी चौराहे के हाट बाजार में लक्ष्मी जी, दिए, पशुओं को सजाने वाले समान,पटाखे, मिठाइयों के साथ अन्य समान की जमकर खरीदारी हुई। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा फुलझड़ी और छोटे पटाखे खरीदे गए। आसपास गांव के ग्रामीण हॉट बाजार में बर्तन,गहने ,कपड़े आदि का सामान लेने पहुंचेगें। कास्मेटिक बिक्रेताओं का कहना था कि भीड़ के अनुसार बिक्री नहीं है। पिछले साल से इस बार तीस फीसद बिक्री घटी है उसका कारण आनलाइन शापिंग है। बाजार में भीड़ होने के कारण वाहनों को आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।