सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसे
जिले के गैरतगंज नगर के नंदनी नगर इलाके में रहने वाली 26 वर्षीय युवती प्रियंका गौर की एक सड़क दुर्घटना में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल ले गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को प्रियंका गौर 26 वर्ष एवं विकास साहू बाइक से बरेली के छींद धाम दर्शन के लिए गए थे। शाम करीब 7 बजे वापस लौटते समय, सिलवानी मार्ग पर जमुनिया के पास बाइक से गिरने की वजह से प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसकी जानकारी विकास साहू ने फोन करके प्रियंका के परिजनों को दी। दुर्घटना के बाद, रास्ते से गुजर रहे एक चार पहिया वाहन चालक ने घायल प्रियंका को गैरतगंज के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गहन जाँच की मांग की। उन्होंने गैरतगंज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने की बजाय, शव को भोपाल के हमीदिया अस्पताल ले जाकर पोस्टमार्टम कराने का फैसला किया।
चूंकि घटना स्थल सिलवानी थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए गैरतगंज पुलिस ने मार्ग कायम कर जीरो एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बाइक चला रहे युवक विकास साहू को हिरासत में ले लिया है। इस पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।