बारिश, कीचड़ के कारण नहीं पहुँच सकता था वाहन घटना स्थल तक
रिपोर्ट धीरज जॉनसन सागर
सागर जिले के थाना सानौधा अंतर्गत गिरवर रेलवे स्टेशन के पास घायल अवस्था में एक लड़का और ट्रैक के पास मृत लड़की के मिलने की जानकारी सामने आई।
सूचना थाना प्रभारी सानौधा भरत सिंह ठाकुर को मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। थाना प्रभारी सानौधा स्वयं सउनि शेषनारायण दुबे प्र.आ. उमेश तिवारी, आरक्षक आलोक और प्रवीण को साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेलवे ट्रैक की सर्चिंग कराई।
इस दौरान महिला मृत अवस्था में रेलवे ट्रैक पर मिली। रेलवे ट्रैक को और सर्च करने पर महिला के शव से लगभग 100 मीटर दूरी पर ही एक युवक की चप्पल, ताबीज के टुकड़े और कुछ फटे कपड़े मिले तो जिस रूट से ट्रेन गुजरी थी उस दिशा में तलाश की, तो बेहोशी और घायल अवस्था में ट्रैक के निकट झाड़ी में मिला,जो अत्यंत धीमी आवाज में बात करने का प्रयास कर रहा था, स्थिति बहुत नाजुक थी, थाना प्रभारी सानोधा ने 112 कंट्रोल रूम प्रभारी उप निरीक्षक आर. के. एस चौहान और एफ.आर.वी. डायल–112 की टीम को सूचना दी।
112 कंट्रोल रूम सागर से तत्काल एफ. आर. व्ही. सानोधा में तैनात आरक्षक विवेक दुबे, एफ. आर. व्ही. पायलट गोपाल लोधी को घटना स्थल रवाना किया गया।
टीम ने थाना प्रभारी सानोधा के निर्देशन में तत्काल घटनास्थल पहुँच कर युवक को डायल–112 वाहन में उपलब्ध फोल्डिंग स्ट्रेचर पर रखकर लगभग एक किलोमीटर ट्रैक पर पैदल चलते हुए बाहर लाए क्योंकि बारिश, कीचड़ के कारण वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुँच सकता था। तत्पश्चात घायल युवक जिसका नाम जगदीश पिता गजराज लोधी (25) निवासी ग्राम देवलपानी थाना रहली बताया गया उसे तुरंत प्राथमिक उपचार देकर डायल–112 वाहन से ही जिला अस्पताल सागर पहुँचाया गया। पुलिस की समय पर की गई कार्यवाही से युवक की जान बच गई और इलाज भी मिल गया।

उल्लेखनीय है कि सागर जिले में डायल–112 सेवा कल ही प्रारंभ की गई है और शुरुआत के अगले ही दिन इस सेवा ने जीवन रक्षा का पहला सफल उदाहरण प्रस्तुत किया। मौके पर उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्टाफ की भूमिका अहम रही।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक / नोडल अधिकारी डायल 112 सागर लोकेश कुमार सिन्हा ने डायल 112 टीम, थाना प्रभारी सानौधा एवं कंट्रोल रूम स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि “112 सेवा जिले के नागरिकों के लिए आपात स्थिति में जीवनदायिनी साबित होगी। यह त्वरित राहत और सुरक्षा प्रदान करने का सशक्त माध्यम है।”
सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि गिरवर रेल्वे स्टेशन से सूचना मिली थी कि रेल्वे ट्रैक पर लड़की का शव पड़ा है मौके पर देखा तो मृत थी, आगे सर्चिंग की तो घायल अवस्था में युवक भी था ,112 के जरिए जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।मर्ग कायम कर जांच में लिया गया।