धीरज जॉनसन दमोह
दमोह से जबलपुर की ओर जाने वाले स्टेट हाईवे पर बुधवार को हादसा होते-होते टल गया। हाईवे पर क्षमता से अधिक सामग्री लादे एक ट्रक की पेकिंग क्रॉसिंग के दौरान फट गई, जिससे उसमें भरा भूसा अचानक सड़क पर बिखर गया। यह घटना उस समय हुई जब सामने से आ रहा एक अन्य भारी वाहन पास से गुजर रहा था और दोनों वाहनों की किनारों से हल्की टक्कर हो गई। इससे ट्रक में ढंकी पॉलिथीन की पैकिंग फट गई और भूसे की बोरियां सड़क पर गिर गईं।

घटना के चलते पीछे आ रहे वाहन चालक अचानक विचलित हो गए। तेज हवा के साथ उड़ता भूसा पीछे आ रहे वाहन चालकों की आंखों में चला गया। राहगीरों ने बताया कि भूसे के कण आंखों में जाने के कारण वाहन नियंत्रण में रखने में परेशानी हुई और अनहोनी भी हो सकती थी।

स्थानीय लोगों और चालकों का कहना था कि स्टेट हाईवे पर अक्सर क्षमता से अधिक भरे ट्रक चलते हैं, जो न केवल सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लेते हैं बल्कि ऐसे हादसों की आशंका भी बढ़ा देते हैं। विशेषकर तंग और क्रॉसिंग वाले रास्तों पर यह खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है। हाईवे पर ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई हो ऐसे ट्रक को जांच कर आगे जाने की अनुमति दी जाए, क्रॉसिंग पॉइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि ऐसे मामलों की निगरानी की जा सके।