डॉ.अनिल जैन दमोह
कारगिल विजय दिवस के प्रधानमन्त्री काॅलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कारगिल में शहीद हुए वीर जवानों की याद में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें वीर शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। देशभक्ति, वीरता और बलिदान की प्रेरणा से भरपूर इस कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, दीप प्रज्वलन के बाद वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्राचार्य डॉ आलोक कुमार जैन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “कारगिल विजय दिवस केवल एक तारीख नहीं है, यह हमें याद दिलाता है कि हमारी आज़ादी कितने बलिदानों की नींव पर टिकी है।”
विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति पर आधारित भाषण, कविता पाठ, नाट्य और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन अनुज नैयर, और अन्य वीर शहीदों के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम में एनसीसी एवं एन एस एस के विद्यार्थियों की विशेष सहभागिता रही। अंत में सभी ने मिलकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ वीर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी डॉ.इन्दिरा जैन, डॉ हरिओम दुबे, डॉ. के. एस. बामनिया, डॉ जितेन्द्र कुमार चौधरी, डॉ. एस.के. अग्रवाल, डॉ. पी. जैन एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सहित छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।