– जिले में 30 जुलाई तक आयोजित होंगी जागरूकता गतिविधियां
रायसेन।मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलाए जाने वाले वृहद जन-जागरूकता अभियान ‘‘नशे से दूरी – है जरूरी‘‘ का रायसेन में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डे भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा से प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में पुलिस विभाग द्वारा ‘‘नशे से दूरी-है जरूरी‘‘ जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ्य रहना है तो नशे से दूर रहना होगा। नशा स्वास्थ्य के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक हानि भी पहुंचाता है। विधायक डॉ चौधरी द्वारा सभी को नशामुक्त भारत बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पाण्डे ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 30 जुलाई तक चलाए जाने वाले इस अभियान का उद्देश्य किशोरों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, उन्हें इस लत से दूर रखना और जो लोग पहले से नशे की गिरफ्त में हैं, उन्हें उचित परामर्श और सहयोग प्रदान कर पुनर्वास की दिशा में मार्गदर्शन देना है। अभियान के तहत 30 जुलाई तक जिले में स्कूल-कॉलेज में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस जन-जागरूकता अभियान में विभिन्न शासकीय विभाग, गैर-सरकारी संगठन (छळव्), धर्माचार्य, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, और ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियाँ सक्रिय रूप से भाग लेंगी। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से समाज के हर वर्ग तक संदेश पहुँचाया जाएगा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, पूरे समाज को प्रभावित करता है इससे दूरी रखना नितांत आवश्यक है। यह अभियान स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और डिजिटल माध्यमों के ज़रिए जन-जागृति फैलाने का कार्य करेगा।

जागरूकता रैली तथा प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा महामाया चौक से ‘‘नशे से दूरी – है जरूरी‘‘ अभियान के तहत जागरूकता रैली और प्रचार-प्रसार रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। जागरूकता रैली में विधायक डॉ चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मीणा, कलेक्टर श्री विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी सम्मिलित हुए।