मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज रेलवे स्टेशन के समीप भदभदा के पास रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को एक तेंदुआ मृत पाया गया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना दीवानगंज रेलवे स्टेशन के पास भदभदा घाट पर हुई।
सुदीप मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि तेंदुआ रात के समय रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया होगा जिससे उसकी मौत हो गई है। सुबह जब रेलवे ट्रैक पर तेंदुआ का शव देखा गया तो वन विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया। घटनास्थल पर वन विभाग के आला अधिकारी पहुंचे और तेंदुआ के शव को उठाकर ले गए।
पिछले कुछ समय से दीवानगंज और भदभदा के जंगलों में तेंदुओं की दहशत लगातार बनी हुई है, क्योंकि वे पालतू जानवरों का लगातार शिकार कर रहे हैं। दीवानगंज क्षेत्र में अब तक तेंदुआ 25 से ज्यादा पालतू जानवरों का शिकार कर चुके हैं। वन विभाग ने जंगली क्षेत्र में कुछ संकेतक बोर्ड लगाए हैं, लेकिन निगरानी की कमी है। यह घटना एक बार फिर वन्य जीवों के संरक्षण और रेलवे ट्रैक्स पर सुरक्षा के महत्व को उजागर करती है।