– बच्चों की परीक्षाएं चल रही है इसके बावजूद भी क्षेत्र में तेज आवाज में बज रहे हैं डीजे और साउंड स्पीकर
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
इन दिनों स्कूली बच्चे परीक्षा की चिंता के साथ कानफोडू़ डीजे के शोर से परेशान हैं। शादी-ब्याह के सीजन व आये दिन निकलने वाले डीजे के चलते नगर में दिन ही नहीं रात में भी ध्वनि प्रदूषण अपने चरम पर पहुंच चुका है। कानफोडू शोर से बच्चों के साथ बुजुर्ग और विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोग भी परेशान हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी मैरिज गार्डन, मुख्य मार्गों पर रहने वाले लोगों को हो रही है। जहां दिन के अलावा देर रात तक संगीत बजता रहता है। हालत यह है कि परीक्षाओं के दौर में विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं। कई क्लास के बच्चों की इस समय परीक्षाएं चल रही है, पेपर देने वाले बच्चों का प्रशासन से कहना है कि कम से कम रात 10 बजे के बाद तो तेज आवाज पर रोक लगा दें। रोड पर भी कई वाहन चालक तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाकर निकलते देख जा सकते हैं उनकी आवाज इतनी तेज होती है की दूसरा वहां वाहन बगल से कब निकल जाता है पता ही नहीं चलता। कई डीजे की आवाज तो इतनी तेज होती है कि घर के बर्तन तक गिर जाते हैं कानों में झुनझुनाहट पैदा होने लगती है बेस इतनी ज्यादा खुली होती है कि कान के अंदर हलचल पैदा हो जाती है।
फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज से लेकर रेलवे स्टेशन दीवानगंज तक दिन में कई बार वाहन चालक तेज आवाज में गाना बजाते हुए निकलते हैं जिससे पढ़ने वालों बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तेज संगीत पर रोक को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम को लेकर धारा 144 के तहत आदेश जारी नहीं किए है, अभी तक क्षेत्र में इसको लेकर कोई भी वाहन जप्ती की कार्यवाही नहीं हो सकी है। जबकि रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने का नियम नहीं है। इसका पालन नहीं हो रहा है।