भोपाल।सेंट्रल बैंक केंद्रीय कार्यालय मुंबई के राजभाषा विभाग के प्रमुख श्री राजीव वार्ष्णेय द्वारा आंचलिक कार्यालय भोपाल में चल रहे राजभाषा कार्यों का निरीक्षण किया गया.
भोपाल अंचल के अंचल प्रमुख श्री तरसेम सिंह जीरा ने श्री वार्ष्णेय जी का कार्यालय में पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. अंचल प्रमुख ने भोपाल अंचल के क्षेत्रों के सभी राजभाषा अधिकारियों को गुलाब कली प्रदान कर सम्मानित किया तथा प्रोत्साहित किया कि वे परिश्रम और निर्भीकता के साथ अपने क्षेत्रों में राजभाषा का अनुकरणीय कार्य निष्पादित करें.

श्री जीरा ने आंचलिक कार्यालय के सभी अनुभागों को निर्देशित किया कि वे राजभाषा निरीक्षण में सहयोग करें और दस्तावेजो में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को सुनिश्चित करें.
इस दौरान राजभाषा समीक्षा बैठक में श्री वार्ष्णेय ने भोपाल अंचलाधीन क्षेत्रों के राजभाषा अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की. आंचलिक कार्यालय के मुख्य प्रबंधक श्री राजीव तिवारी के साथ भोपाल क्षेत्र के नामित राजभाषा अधिकारी श्री सुनील सोन्हिया, जबलपुर की सुश्री ऊषा कुशवाहा, ग्वालियर की बिनीता शॉ, इंदौर की वंदना शॉ और छिंदवाड़ा के गोलू गौर समीक्षा बैठक में सम्मिलित हुए.
श्री वार्ष्णेय ने राजभाषा क्षेत्र में आ रही समस्याओं का समाधान बताया तथा सभी राजभाषा अधिकारियों को पूर्ण आत्मविश्वास, मेहनत, एकाग्रता तथा सहयोगात्मक भावना से बैंक में कार्य करने के लिये प्रेरणा दी और प्रोत्साहित किया.
इसी क्रम में क्षेत्रीय कार्यालय छिंदवाड़ा द्वारा तैयार की गई राजभाषा पत्रिका का विमोचन भी किया गया.