– हजारों श्रद्धालुओं के साथ विधायक डा. प्रभुराम चौधरी ने किया शिवाभिषेक
– अन्य स्थानों पर भी हुए आयोजन
सैयद मसूद अली पटेल रायसेन
ज़िले की गैरतगंज तहसील के कस्बा गढ़ी स्थित मावलखोह स्थित मंदिर में महाशिवरात्रि के महापर्व पर विशाल मेला आयोजित हुआ। यहां प्रातः से देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शंकर के शिवलिंग का अभिषेक किया। विधायक डा. प्रभुराम चौधरी ने आयोजन में पहुंचकर विशेष पूजा अर्चना की। इस दौरान आयोजन में मानो जन सैलाब उमड़ पड़ा। मेला स्थल पर सप्त दिवसीय महायज्ञ भी चल रहा है। क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी महाशिवरात्रि के मौके पर कई आयोजन हुए।

महाशिवरात्रि के अवसर पर तहसील गैरतगंज के कस्बा गढ़ी स्थित प्राचीन धार्मिक स्थल मावलखोह में महाशिवरात्रि के पर्व पर विशाल मेला आयोजित हुआ। मंदिर पर जन सैलाब उमड़ा। प्रातः से लेकर देर शाम तक हजारो श्रद्धालुओं ने यहां स्थापित सिद्ध शिवलिंग का विशेष पूजा आराधना कर अभिषेक किया। पूरे दिन भक्तों की दर्शनों के लिए कतारें लगी रहीं।

आयोजन में क्षेत्रीय विधायक डा. प्रभुराम चौधरी ने भी परिवार सहित पहुंचकर भगवान शिव की पूजा आराधना की। विधायक के साथ उनकी धर्मपत्नी डा. नीरा चौधरी एवं भारतीय जनता के जिला राकेश शर्मा ने भी पूजा की। विभिन्न स्थानों के श्रद्धालु यहां बड़ी संख्या में पूजा के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में सप्तदिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ का कार्यक्रम भी चल रहा है। मावलखोह में आयोजित मेले में विभिन्न सामग्रियों की दुकानों, मनोरंजन एवं सैरसपाटे के साधनों का भी लोगो ने लुत्फ उठाया। मेले की व्यवस्था में ग्राम पंचायत गढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पंचायत द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

महाशिवरात्रि के इस मौके पर तहसील अंतर्गत श्री नीलकंठेश्वर महादेव धाम पाटन, सीहोरा खुर्द गैलपुर स्थित भुवनेश्वर महादेव, शिव पार्वती मंदिर कुशनगर, श्रीरामजानकी मंदिर शिवालय, शिवधाम पटी मानक चौक, चिंताहरण महादेव गैरतगंज, रड़िया मंदिर शिवधाम, कात्यायनी शक्ति पीठ शिवधाम सहित अन्य ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र के मंदिरों में भी व्यापक पैमाने पर धार्मिक आयोजन हुए।