अनुराग शर्मा सीहोर
जिला मुख्यालय के कई दुकानदार आज सुबह से उदासी भरे मूंड में हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए हैं। दरअसल, कुबेरेश्वर धाम पर आज से शुरू हुए आयोजन व पुराने अनुभवों को देखते हुए दुकानदारों को उम्मीद थी कि इस बार भी कथा के आयोजन में देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे और जिला मुख्यालय के बाजार में अच्छा खासा उठाव होगा। इसी सोच के चलते दुकानदारों ने अपनी दुकानों में उम्मीद से ज्यादा माल भर लिया है। लेकिन इस बार शिवमहापुराण कथा को सुनने के लिए उम्मीद के अनुरूप जनता नहीं आई है, नतीजतन सीहोर की सडक़ों पर सन्नाटा हैं। दुकानदार भी ग्राहकों के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए हैं। अब दुकानदारों को नुकसान की चिंता सता रही है।