– खाद बनाने की फैक्ट्री पर नकली खाद बनाकर पैकेजिंग की जा रही थी, सिलाई मशीन भी बरामद की गई
– खाद की किल्लत के बीच किसानों से पैसा उगाने की जुगाड़
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में इस समय खाद की समस्या से किसान वर्ग परेशान है और लंबी-लंबी लाइन खाद के लिए खाद वितरण केंद्रों पर देखी जा रही है। इसी बीच अब नकली और मिलावटी खाद बनाने वाले माफिया भी सक्रिय हो गए हैं शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के कफार ग्राम में पुलिस ने नकली खाद व डीएपी बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा है। यहां पर 2 लाख से अधिक की नकली खाद व डीएपी बरामद की गई है।
फैक्ट्री से 2 लाख की खाद बरामद-
खनियाधाना थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि ग्राम कफार के रहने वाले रसीभान लोधी अपने घर पर भारी मात्रा मे अबैध रुप से डीएपी खाद का निर्माण किये जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस द्वारा कफार गांव में रसीभान लोधी के घर पर दविश दी गई। यहां पुलिस को देख रसीभान लोधी छतों से चढ़कर भाग गया । उसके घर के अंदर आंगन में उड़ीसा और गुरुग्राम हरियाणा के फैक्ट्री के नाम की 60 डीएपी खाद की नकली बोरी और 70 सफेद बोरिया संदिग्ध कच्चा पदार्थ मिला है। पुलिस ने यह सामग्री जप्त कर ली है। इसके अलावा साथ ही खुला वारदाना भी मिला है। पुलिस ने मौका स्थल से एक सिलाई मशीन भी बरामद की है जिससे बोरों की सिलाई की जाती थी।
परीक्षण के लिए भेजे गए सैम्पल –
खनियाधाना थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि तत्काल वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकास खण्ड खनियाधाना को मौके पर बुलाया गया।उर्वरक निरीक्षक राजेन्द्र राजपूत एवं राजकुमार दुबे कृषि विस्तार अधिकारी, कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी वि.ख. खनियाधाना उपस्थित हुए और अवैध भरे हुये कट्टो से नमूना लिया गया एवं परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। आरोपी रसीभान लोधी द्वारा उर्वरक का अवैध रूप से भण्डारण तथा कालाबाजारी करने पर ईसी एक्ट एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया हैं।