-सात सालों में लोगों को भी किया पौधरोपण के प्रति जागरूक
रामभरोस विश्वकर्मा, ओबेदुल्लागंज रायसेन
रायसेन जिले में एक नगर ऐसा भी है यहां नगर को हराभरा करने के लिए पिछले साल सालों से मुहिम लगाई जा रही है और लोगों को पर्यावरण से जोडक़र उनसे पौधे लगवाएं जा रहे हैं, ताकि लोग जागरूक होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य कर सके।
औबेदुल्लागंज के सामाजिक कार्यकर्ता दीपक नागर पिछले साल सालों से नगर के लोगों से पौधरोपण कार्य करवा रहे हैं और नगर को हराभरा करने लोगों को जागरूक कर रहे हैं। दीपक पिछले सात सालों से पौधरोपण कर रहे हैं और करीब एक हजार पौधे अब पेड़ में बदल चुके हैं। जिसका लाभ लोगों को मिलने लगा है। दीपक नागर का कहना है कि यदि हम हमारा नगर हराभरा कर सकते हैं तो हर व्यक्ति अपने गांव व नगर कर सकता है। इसलिए जागरूक लोगों को अपने क्षेत्र को हराभरा करने के लिए आगे आना चाहिए। नगर में इन एक हजार पौधों ने नगर की सुंदरता बढ़ा दी है। नगर के हिरानिया, अस्पताल कैंपस, मंडी प्रांगण, महावीर कॉलोनी मार्ग पर, जल संसाधन विभाग आदि जगह पर पौधरोपण किया गया।

अभियान से हर साल जुड़ते हैं लोग
दीपक नागर के अभियान से हर साल नगर के लोग जुडक़र पौधरोपण करते हैं और जागरूक होते हैं। पर्यावरण प्रेमी अभियान में अपने परिवार के साथ पहुंचते हैं और पौधरोपण करते हैं। खेड़ापति माता मंदिर आना वाला हर व्यक्ति पौधरोपण का लाभ लेने लगा है।
इनका कहना है
‘ पौधा खरीदकर लगाना बहुत आसान है, लेकिन इसकी देखरेख बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। पौधे भले एक लगाया जाए, लेकिन इसके देखरेख की पर्याप्त व्यवस्था लगाने से पहले करना चाहिए। हर परिवार को हर साल एक पौधा लगाकर पर्यावरण के प्रति अपना योगदान देना चाहिए।
दीपक नागर, औबेदुल्लागंज