कोटा में शिवपुरी की छात्रा का हुआ अपहरण, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राजस्थान के सीएम से की बात
– ज्योतिरादित्य ने अपहृत छात्रा के पिता से भी की बात
– नीट की छात्रा के अपहरण के बाद बदमाशों ने 30 लाख रुपए मांगी है फिरौती
– रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले के बैराड़ के एक स्कूल संचालक रघुवीर धाकड़ की पुत्री कोटा (राजस्थान) में फिरौती के लिए अपहरण के बाद यह मामला तूल पकड़ गया है। इस मामले में गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस घटना के बाद अपहृत छात्रा के पिता से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनकी हर संभव मदद करेंगे और राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा से उनकी बात हुई है। जब परेशान पिता की खबर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तक पहुंची तो वह तुरंत ही इस मामले की तहकीकात में लग गए। सर्वप्रथम उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से बात की और राजस्थान पुलिस द्वारा मामले की जल्द से जल्द तहकीकात कर बच्ची को वापस लाने का आग्रह किया। यही नहीं उन्होंने पीड़ित बच्ची के पिता से भी फ़ोन पर बात की और उन्हें आश्वासन दिलाया, अब बेटी को वापस लाने की जिम्मेदारी मेरी है, आप और आपका परिवार अपना ख्याल रखे। वह सिर्फ आपकी बेटी नहीं बल्कि मेरी बेटी भी है।
30 लाख रुपए मांगी है फिरौती –
कोटा से नीट की तैयारी कर रही शिवपुरी की स्टूडेंट (छात्रा) का अपहरण फिरौती के लिए किए जाने की शिकायत छात्रा के पिता ने पुलिस को दर्ज कराई है। बताया जाता है किबदमाशों ने उसके पिता के वाट्सएप नंबर पर इसकी जानकारी दी। इसके अलावा बदमाशों ने लड़की की फोटो भी भेजी। उसमें लड़की के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए हैं। अपहरण करने वालों ने अपहृत छात्रा को छोड़ने के एवज में 30 लाख रुपए की मांग की है। छात्रा के पिता रघुवीर धाकड़ शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में रहते हैं।
छात्रा के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए फोटो भेजे गए-
शिवपुरी जिले के बैराड़ में छात्रा के पिता रघुवीर धाकड़ लार्ड लखेश्वर स्कूल के संचालक हैं। उनकी बेटी काव्या धाकड़ (20) सितंबर 2023 से कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रही है। बताया जाता है कि सोमवार दोपहर 3 बजे रघुवीर के मोबाइल पर एक वाट्सएप मैसेज आया। इसमें छात्रा के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए फोटो थे। कुछ फोटो में छात्रा के चेहरे पर खून भी दिख रहा है। फोटो भेजने वाले ने मैसेज में लिखा कि रघुवीर की बेटी को किडनैप कर लिया गया है। उसे जिंदा छोड़ने की एवज में 30 लाख रुपए की मांग की गई। इस मामले में मैसेज भेजने वाले ने बैंक खाते की डिटेल भी भेजी। इसमें अकाउंट नंबर देकर पैसा जमा करने की मांग की गई। अन्यथा छात्रा को मारने की धमकी दी गई है। छात्रा के पिता रघुवीर धाकड़ ने बताया कि कोटा पुलिस ने रात 3 बजे मामला दर्ज कर लिया है।
परिवारवालों ने जताई एक युवक पर शंका-
कोटा से छात्रा के अपहरण के बाद इस मामले में परिवारजनों ने कुछ युवकों पर शंका जाहिर की है। छात्रा के पिता ने बताया है कि दो साल पहले बेटी इंदौर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। जहां पोहरी अनुविभाग क्षेत्र के जरियाखेड़ा गांव के रहने वाले रिंकू धाकड़ ने बेटी को परेशान किया था। इसकी शिकायत इंदौर पुलिस में दर्ज कराई थी। इसके बाद बेटी के नंबर पर अनुराग सोनी और हर्षित नाम के लड़कों से उसे धमकी मिलने लगी थी। तब मैंने बेटी को इंदौर से वापस शिवपुरी बुला लिया था। इसके बाद बेटी 6 महीने तक शिवपुरी में रही। इसके बाद उसे कोटा भेजा गया था।