Let’s travel together.

नगर पालिका कार्यालय में अनधिकृत प्रवेश और शासकीय कार्य में बाधा का आरोप, FIR की मांग

0 174

कलेक्टर को पत्र भेजकर तीन लोगों और उनके सहयोगियों पर कार्रवाई की मांग, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा की भी उठाई मांग

रायसेन। नगर पालिका परिषद रायसेन ने 5 अक्टूबर को नगर पालिका कार्यालय परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने और कर्मचारियों से अभद्रता किए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को पत्र भेजकर संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की है।

नगर पालिका द्वारा कलेक्टर को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि निकाय की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लंबे समय से बकायादारों से संपत्ति कर, जलकर सहित अन्य करों की वसूली की जा रही है। कई बकायादारों को पूर्व में नोटिस दिए गए और लोक अदालत के माध्यम से भी राशि जमा करने के लिए सूचित किया गया। इसके बावजूद भुगतान नहीं होने पर निकाय ने ढोल बजाकर कर वसूली की पहल शुरू की।

तीन लोगों पर लगाया शासकीय कार्य में बाधा का आरोप

पत्र के अनुसार, 5 अक्टूबर को विकास शर्मा, दीपक ठाकुर, रूपेश तन्तवार और उनके अन्य सहयोगियों ने नगर पालिका कार्यालय परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश किया और ढोल बजाकर शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। नगर पालिका ने इसे गंभीर मामला बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

निकाय का आरोप है कि संबंधित लोगों द्वारा बिना स्वीकृत भवन अनुमति के निर्माण कार्य कराया जा रहा है और निर्धारित शुल्क जमा करने से बचने के लिए नगर पालिका पर दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही पत्र में यह भी दावा किया गया है कि जिन क्षेत्रों में सड़क और नाली निर्माण की मांग की जा रही है, वे अवैध अथवा अस्वीकृत कॉलोनी क्षेत्रों में आते हैं।

नगर पालिका के मुताबिक ऐसे क्षेत्रों में नियमानुसार विकास कार्य की जिम्मेदारी संबंधित कॉलोनाइजरों की है। कॉलोनाइजर द्वारा विकास कार्य नहीं कराए जाने के कारण नगर पालिका पर दबाव बनाया जा रहा है।

तीन माह से वेतन लंबित होने का हवाला

नगर पालिका ने पत्र में निकाय की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि कर वसूली प्रभावित होने के कारण कर्मचारियों का करीब तीन माह का वेतन लंबित है। इसके अलावा बिजली बिल, पेयजल व्यवस्था और सफाई वाहनों के डीजल भुगतान में भी परेशानी सामने आ रही है।

नगर पालिका का कहना है कि कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से उनके परिवारों के सामने रोजमर्रा के खर्च और बच्चों की फीस सहित अन्य आर्थिक समस्याएं खड़ी हो रही हैं। इसके बावजूद निकाय द्वारा सफाई, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सेवाएं जारी रखी जा रही हैं।

महिला कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग

नगर पालिका ने कलेक्टर से कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारियों सहित पूरे स्टाफ की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि कर्मचारी भयमुक्त होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

पत्र में नगर पालिका ने संबंधित लोगों और उनके सहयोगियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा तथा उपद्रव फैलाने से संबंधित धाराओं में तत्काल FIR दर्ज कराने के लिए पुलिस प्रशासन को निर्देशित करने की मांग की है।

साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि अनधिकृत रूप से कार्यालय में प्रवेश कर शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी काम बंद कर सामूहिक हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। पत्र में इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होने की बात कही गई है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में सामिल हुए नितिन गौरीशंकर अग्रवाल     |     रायपुर के माटीपुत्र स्व. पंकज शर्मा ने अल्पायु में रचा पत्रकारिता का अमर इतिहास     |     गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने गौ सम्मान के राज्य प्रचारक किशन गिरी महाराज पहुंचे तिल्दा     |     आत्मतत्व में डूबे तभी आत्मा से परमात्मा बनने का मार्ग प्रशस्त होगा     |     उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किया संजय गांधी अस्पताल परिसर का निरीक्षण     |     उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने नागरिकों से की सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में पहुंचने की अपील     |     एमबीबीएस 2026 बैच के फाउंडेशन कोर्स का शुभारंभ     |     ग्वालियर की नन्ही नीलाक्षी को आपकी मदद की जरूरत, SMA Type-2 से जूझ रही जिंदगी     |     सांची मे राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आयोजन      |     लगातार एक महीने की मशक्कत के बाद वनविभाग की पकड़ में आया तेंदुआ,सफलतापूर्वक किया रेस्क्यू     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811