Let’s travel together.

बारिश में गिरे कबेलू, गांव के बीच खड़ा जर्जर यूनानी औषधालय भवन दे रहा हादसे को न्योता

0 23

दीवानगंज में वर्षों से खंडहरनुमा भवन, आसपास कचरे का अंबार; अंबाडी में जर्जर स्कूल भवन के पिलर गिरने से तीन साल पहले बच्ची की हो चुकी है मौत, अंबाडी में कच्चा घर भरभरा कर गिरा

 मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन

सांची विकासखंड के ग्राम दीवानगंज और अंबाडी में वर्षों से जर्जर भवन ग्रामीणों के लिए जान का खतरा बने हुए हैं। दीवानगंज के भवानी चौक स्थित राम जानकी मंदिर के पास पुराना यूनानी औषधालय भवन बारिश के दौरान हादसे को न्योता दे रहा है। शुक्रवार शनिवार की देर रात हुई बारिश में भवन की छत पर लगे अंग्रेजी कबेलू टूटकर अंदर गिर गए। गनीमत रही कि घटना के समय भवन के भीतर कोई मौजूद नहीं था।

वहीं अंबाडी में शुक्रवार-शनिवार की देर रात संतोष साहू का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हालांकि मकान में कोई नहीं रहता था और परिवार के सदस्य दूसरे मकान में निवास कर रहे हैं।

गांव के बीच खड़ा है खंडहरनुमा भवन

दीवानगंज का पुराना यूनानी औषधालय भवन कई वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा है। भवन की दीवारें और छत कमजोर हो चुकी हैं। आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीणों के मकान हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। रात के समय बच्चे और ग्रामीण अनजाने में भवन के आसपास पहुंच जाते हैं।

स्थानीय निवासी मनमोहन साहू, संदीप नायक, रवि कुशवाह और राजन मालवीय सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से भवन इसी हालत में गांव के बीच खड़ा है। आसपास के लोग भवन परिसर में कचरा फेंकते हैं, जिसके कारण यहां गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कचरे के कारण मक्खी-मच्छर और आवारा पशुओं का जमावड़ा भी रहता है।

चोरी या बारिश से गिरे कबेलू, जांच की मांग

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि जर्जर भवन में रात के समय कोई व्यक्ति चोरी की नीयत से घुसा हो सकता है, जिससे छत के कबेलू टूटकर गिरे हों। हालांकि लगातार बारिश और कमजोर हो चुकी छत के कारण कबेलू अपने आप गिरने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

पीएचसी परिसर में भी बदहाल यूनानी औषधालय

कई वर्ष पहले पुराने भवन की हालत खराब होने के कारण यूनानी औषधालय को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दीवानगंज परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया था। लेकिन वर्तमान भवन भी बदहाली से जूझ रहा है।

बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है। दवाइयों को सुरक्षित रखने के लिए कर्मचारियों को पन्नी बांधनी पड़ती है। भवन की छत और दीवारों पर जगह-जगह दरारें पड़ चुकी हैं। पानी के रिसाव से दीवारें काली पड़ गई हैं और भवन की स्थिति लगातार खराब हो रही है।

 

अंबाडी में जर्जर स्कूल भवन, तीन साल पहले हो चुकी है बच्ची की मौत

अंबाडी में भी कई जर्जर भवन हादसों का खतरा बने हुए हैं। गांव में स्थित पुराना माध्यमिक शाला भवन वर्षों से क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ा है। इसी भवन का एक पिलर गिरने से करीब तीन साल पहले एक बच्ची की मौत हो चुकी है, जबकि एक विद्यार्थी घायल हुआ था। इसके बावजूद भवन को अब तक नहीं गिराया गया है।

अंबाडी सरपंच कुंती रमेश कुमार अहिरवार ने बताया कि जर्जर माध्यमिक शाला भवन को गिराने के लिए अधिकारियों को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल भवन के अलावा पीछे वाली गली में भी एक पुराना जर्जर मकान खड़ा है, जो बारिश के मौसम में खतरा बना हुआ है।

वर्षों से आवेदन, फिर भी कार्रवाई नहीं

स्थानीय निवासी रवि साहू,गोलू साहू ने बताया कि पुराने माध्यमिक शाला भवन को गिराने के लिए कई महीने पहले तहसील कार्यालय में आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जिस भवन के पिलर गिरने से पहले ही एक विद्यार्थी की जान जा चुकी है, उसे तत्काल हटाया जाना चाहिए।

डॉक्टर मिलन अधिकारी ने बताया कि जर्जर यूनानी औषधालय भवन का तत्काल निरीक्षण कराया जाए।खतरनाक भवनों को चिन्हित कर गिराने की कार्रवाई की जाए।भवन परिसरों से कचरा हटाकर सफाई कराई जाए।

दीवानगंज सरपंच गिरजेश नायक ने कहा कि पुराना यूनानी भवन जर्जर अवस्था में खड़ा है। मोहल्ले के लोग वहां कचरा फेंकते हैं, जिससे गंदगी और आवारा पशुओं की समस्या बनी रहती है। यदि इस स्थान पर नया भवन बनाया जाए तो ग्रामीणों को काफी सुविधा मिल सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के जन्म दिवस को सेवा पखवाड़ा सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाएगी भाजपा     |     पेट्रोल पंप पर चाकू दिखाकर 10 हजार रुपए लूटे, एक्टिवा से आए थे 4 बदमाश     |     पुलिस और प्रशासन ने मिलकर निकाला पैदल मार्च     |     ईरान के राष्ट्रपति की सुपुत्री ज़हरा पेज़ेशकियान ने भारत मंडपम में बाग प्रिंट की कला को सराहा; प्राकृतिक रंगों की बारीकियों पर जताई उत्सुकता     |     स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रबंधन की मनमानी निगल गई मासूम की जान     |     बारिश में गिरे कबेलू, गांव के बीच खड़ा जर्जर यूनानी औषधालय भवन दे रहा हादसे को न्योता     |     नेशनल हाईवे पर रफ्तार का कहर, कार और बाइक की भिड़ंत के बाद ट्रक ने कार को मारी टक्कर     |     रहवासी कॉलोनियों में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियां बनी परेशानी का कारण     |     उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बनखेड़ी पहुंचकर स्वर्गीय श्रीमती गोहल को अर्पित की श्रद्धांजलि     |     गुंदरई स्कूल की दीवारों और पिलर में दरारें, बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811