सी के पारे
भोपाल। अपेक्स बैंक मुख्यालय में सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने अधिकारियों से प्रदेशभर में संभागवार दौरा कर किसानों से सीधे संवाद करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक किसानों को बैंक से जोड़ने के लिए अधिकारी मैदान में उतरें। प्रत्येक संभाग में एक सप्ताह का प्रवास कर किसानों की समस्याएं सुनें और योजनाओं की जानकारी दें।

कार्यक्रम में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहकारी गीत के साथ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारिता को मजबूत बनाते हुए किसानों तक बैंक की सेवाओं और योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना बताया गया।